कानपुर। नौबस्ता चौराहे पर शुक्रवार को सड़क पार करते समय डीसीएम की चपेट में आकर जान गंवाने वाले युवक की पहचान उस्मानपुर कालोनी निवासी मनोज कुमार (30) के रूप में हुई है। मृतक के भाइयों ने सोशल मीडिया पर वायरल भाई की फोटो के आधार पर पुलिस से संपर्क किया। मां की मौत के बाद अब पिता का सिर से साया उठने पर बेसहारा हुई आठ साल की बेटी तनवी अपने चाचा के साथ रह रही है। मनोज कुमार पांच भाइयों राजू, लाखन, संतोष और विनोद में सबसे छोटा था। भाइयों ने बताया कि वह घरों में साफ सफाई का काम करता था। बताया कि उनकी पत्नी सरोज की पांच साल पहले मौत हो गई थी। अब हादसे में उसकी भी जान चली जाने से बेटी तनवी अकेली हो गई। शुक्रवार को नौबस्ता चौराहे के पास वह काम से जा रहा था तभी सड़क पार करने के दौरान तेज रफ्तार डीसीएम ने रौंद दिया था। नौबस्ता इंस्पेक्टर बहादुर सिंह ने बताया कि डीसीएस के नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। संवाद