कसिगवां गांव निवासी प्रेम उर्फ बबलू के परिवार में पत्नी गौरा के अलावा तीन बेटे व दो बेटियां हैं। गांव में ही घर से करीब 150 मीटर दूर उनके साढ़ू का बेटा सुनील (22) उर्फ अनिल अकेले रहता था। उसके पिता की 22 साल तो माता की छह साल पहले मृत्यु हो चुकी है।
राज उर्फ छोटू से सुनील की काफी पटती थी
प्रेम ने बताया कि सुनील गैस सिलिंडर की डिलीवरी करता था। ऑटो-बाइक की मरम्मत करने वाले मझले बेटे राज उर्फ छोटू (20) से सुनील की काफी पटती थी। मंगलवार रात करीब 11:30 बजे सुनील ने राज को नींद न आने की बात कहकर अपने घर बुला लिया।
एक शव चारपाई पर, दूसरा जमीन पर पड़ा मिला
देर रात करीब एक बजे ग्रामीण शोर मचाने लगे की घर में आग लग गई है। ग्रामीणों ने सबमर्सिबल पंप की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। ग्रामीण जब कमरे में दाखिल हुए, तो दोनों के जले हुए शव मिले। एक शव चारपाई पर, तो दूसरा जमीन पर पड़ा मिला।
संपत्ति के विवाद का आरोप, दो संदिग्ध उठाए गए
प्रेम के मुताबिक सुनील का संपत्ति को लेकर अपने परिवारीजनों से विवाद था। ऐसे में उन्होंने हमलावरों के घर में घुसकर दोनों की हत्या करने के बाद हत्या को हादसा दिखाने के लिए घर में आग लगाने की आशंका जताई है। पुलिस ने देर शाम दोनों शवों का पोस्टमार्टम करा परिजनों के सुपुर्द कर दिया। शाम को शवों का ड्योढ़ी घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। वहीं, पुलिस ने अनिल के चचेरे भाई समेत दो लोगों को पूछताछ के लिए उठाया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही पुलिस
कसिगवां गांव में दो युवकों की जलकर मौत की घटना में परिवार वालों ने अपने खानदानियों पर ही जिंदा फूंकने का आरोप लगाते हुए सेन पश्चिम पारा थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना को पुलिस हत्या मानकर ही जांच कर रही है। साथ ही, हादसे के अन्य बिंदुओं पर भी काम किया जा रहा है। इधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों के जलकर मरने की पुष्टि हुई है। उनका विसरा सुरक्षित रखा गया है।
दो युवकों की जलकर मौत हुई है। हादसा है या हत्या दोनों बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। जो तथ्य निकलेंगे उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी। -हरीश चंदर, एडीशनल सीपी, कानून व्यवस्था