झींझक। साहब, मुझसे बहुत बड़ी गलती हुई है, मैं अपने आप को कभी माफ नहीं कर पाऊंगा। मैं सजा के लिए तैयार हूं। पुलिस हिरासत में आने के बाद आरोपी दीपक पुलिस से यह बातें थाने में गिड़गिड़ाते हुए कहता रहा। पुलिस ने उसे गुरुवार सुबह घर के पास से ही गिरफ्तार कर लिया।
मंगलपुर थाना के चंदकुरा में शराब के नशे में बेटी को पटक कर मारने व पत्नी को पीटने के आरोपी पति दीपक कमल से पुलिस पूछताछ कर रही है। थाने में वह पुलिस कर्मियों के सामने बार - बार गिड़गिड़ाते हुए एक बार पत्नी से मिलने और मासूम बेटी को देखने की बात कहता रहा। पुलिस उससे घटना के कारणों को लेकर पूछताछ के साथ तहरीर मिलने का इंतजार कर रही है। थानाध्यक्ष जनार्दन प्रताप सिंह ने बताया कि दीपक से पूछताछ की जा रही है। घायल पत्नी पूजा के भी बयान लिए गए हैं। अभी तक तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि दीपक ने बुधवार की रात आठ बजे के करीब घर पहुंचने के बाद नशे की हालत में पत्नी पूजा पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया था। मारपीट के दौरान चारपाई पर सो रही बेटी के रोने पर गुस्सा कर पांच माह की मासूम बेटी नाव्या को पटक दिया था। जिससे उसकी मौत हो गई थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया था। जिसकी तलाश में रात में ही पुलिस ने कई जगह दबिश दी थी। इधर घटना के बाद पूजा के मायके में दो बीघा जमीन को लेकर अक्सर विवाद होने की बात निकल कर सामने आई थी।