बसरेहर। 14 दिन पहले महिला मित्र से बात करने को लेकर प्रेमी ने युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया था। युवक के शरीर में 28 टांके आए। पीड़ित के भाई का आरोप है कि आरोपी फोन पर लगातार जान से मारने की धमकी दे रहा है। पुलिस मुकदमा दर्ज करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं कर रही।
चौबिया थाना क्षेत्र के एक युवक ने आरोप लगाया कि उसके भाई की एक महिला मित्र है। उक्त महिला मित्र से जनपद फिरोजाबाद का एक युवक रवि भी बात करता है। महिला से बात करने को लेकर आरोपी का उसके भाई से विवाद हुआ था। 31 मार्च की रात करीब 11 बजे आरोपी युवक ने घर के बाहर लेटे उसके भाई पर पर चाकू से हमला कर दिया था। चीख पुकार सुनकर ग्रामीण दौड़ पड़े थे। मौका पाकर आरोपी युवक मौके से भाग गया था।
आनन-फानन में घायल को सीएचसी ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पीड़ित के भाई का कहना है कि पुलिस ने खानापूर्ति के लिए मुकदमा तो दर्ज कर लिया लेकिन अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। आरोपी लगातार घायल युवक को फोन से जान से मारने की धमकी दे रहा है। थाना प्रभारी मंसूर अहमद ने बताया की आरोपी रवि के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।