कानपुर। नजीराबाद थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला से साइबर ठगों ने इंश्योरेंस कंपनी का कर्मचारी बनकर किस्त जमा करने के नाम पर 24 हजार की ठगी कर ली। किस्त जमा करने के बाद भी मोबाइल पर संदेश न आने पर पीड़िता ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। नेहरूनगर निवासी अरुणा अवस्थी ने पुलिस को बताया कि 19 दिसंबर 2023 की दोपहर दो बजे मोबाइल पर तीन अलग-अलग नंबरों से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को एक नामचीन इंश्योरेंस कंपनी मुंबई हेड ऑफिस का कर्मचारी बताया था। कुल 23,654 रुपये बताए हुए खाते में ट्रांसफर कर दिए। गुमटी संतनगर चौराहा स्थित इंश्योरेंस के ब्रांच ऑफिस पहुंचे तो वहां बताया गया कि कोई किस्त जमा नहीं हुई। तब उन्हें साइबर ठगी का अहसास हुआ। नजीराबाद इंस्पेक्टर राजकेसर ने बताया कि तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी और आईटी एक्ट में अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई है।