कानपुर। हैलट के मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में गुर्दा प्रत्यारोपण सेंटर के निरीक्षण की तिथि तय हो गई है। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला ने बताया कि सेंटर का निरीक्षण 10 जनवरी को होगा। टीम के रिपोर्ट देने के बाद अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलते ही प्रत्यारोपण शुरू किया जाएगा। मल्टी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के नोडल अधिकारी डॉ. मनीष सिंह ने बताया कि टीम के निरीक्षण के बाद महानिदेशालय चिकित्सा शिक्षा से अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी होगा। उन्होंने बताया कि सेंटर में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ब्रेन स्टेम डैथ कमेटी का गठन हो चुका है, जिससे ब्रेन डैथ रोगियों का अंगदान संभव हो सकेगा। उन्होंने बताया कि औसतन चार रोगी ब्रेन डैथ स्थिति में आते हैं, जिनके गुर्दे, लिवर और हृदय का प्रत्यारोपण किया जा सकता है। (ब्यूरो)