कानपुर। ट्रिपिंग और फॉल्ट को रोकने के लिए बिजली चोरी पर अंकुश लगाया जा रहा है। सबसे अधिक चोरी की शिकायतें चमनगंज क्षेत्र में आ रही हैं। केस्को के अधिकारियों और विजिलेंस टीम की ओर से सुबह, दोपहर और रात को छापेमारी की जा रही है। पिछले एक माह के दौरान 90 लोगों के खिलाफ चमनगंज थाने में रिपोर्ट हुई है। केस्को की विजिलेंस टीम ने 43 दिन में संदिग्ध 1576 परिसरों की चेकिंग की, जिसमें 90 घरों में बिजली चोरी होते पकड़ी गई। केस्को के मीडिया प्रभारी देवेंद्र वर्मा ने बताया कि बिजली चोरी जब तक पांच फीसद तक न हो जाए तब तक अभियान जारी रहेगा। अभी चमनगंज क्षेत्र में 25 फीसद बिजली चोरी हो रही है। पिछले साल यहां पर सबसे अधिक फॉल्ट हुए थे। यहां पर लोग मीटर बाईपास कर, भूमिगत केबिल में कटिया लगाकर या पास के पोल में कटिया लगाकर बिजली चोरी करते हुए पकड़े गए।