कानपुर। ईपीएस-95 राष्ट्रीय संघर्ष समिति की बैठक रविवार को रावतपुर स्थित सेंट्रल रीजनल वर्कशॉप कर्मचारी संघ कार्यालय में हुई। अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अशोक कुमार यादव ने की। इसमें पेंशनर्स की चार सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने पर मंथन हुआ। प्रांतीय अध्यक्ष ओम शंकर तिवारी ने कहा कि 7.5 हजार रुपये पेंशन संग डीए, दंपती को कैशलेस चिकित्सा सुविधा और योजना से वंचित लोगों के लिए पांच हजार रुपये पेंशन की मांग की जा रही है। कहा कि मांगें नहीं मानी गईं तो पीएफ कार्यालयों में ताला ठोको आंदोलन किया जाएगा। बैठक में राजेश कुमार शुक्ला, जय रूप सिंह परिहार, अनूप कुमार कुशवाहा, सुधा निगम, अभिनंदन कुमार पांडेय आदि मौजूद रहे।