कानपुर। बिधनू थाना क्षेत्र के कठेरुआ गांव में मंगलवार को राबिश लदा डंपर सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्राली से टकराकर हाईवे किनारे खाई में पलट गया। घाटमपुर निवासी ट्रैक्टर चालक भूरा (45) साथी मजदूर रामलखन (35) और शंभू (37) के साथ नौबस्ता से ईंट उतारकर लौट रहा था। कठेरुआ गांव के पास घाटमपुर की ओर से आ रहा राबिश लदा डंपर अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर-ट्रॉली को समेटता हुआ हाईवे किनारे खाई में पलट गया। ट्रैक्टर-ट्राली सवार तीनों लोग दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को बिधनू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने तीनों को हैलट रेफर कर दिया। परिजन घायलों के बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल ले गए। बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)