कानपुर। साइबर ठगों ने कल्याणपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास तीन में फेसबुक के जरिये पुराने सिक्कों को 24 लाख में खरीदने का लालच देकर ठगी की कोशिश की। पीड़िता मनु के अनुसार उन्होंने फेसबुक पर ओल्ड क्वाइन कंपनी नाम का एक पेज देखा। इस पर दिए गए व्हाट्सएप नंबर पर 10 रुपये के दो सिक्कों की फोटो भेजी तो कुछ ही मिनट में कॉल आई। बताया गया कि सिक्कों की कीमत 24 लाख रुपये है जिसे सुनकर वह चौंक गईं। ठगों ने विश्वास दिलाने के लिए सरकारी अनुमति पत्र और स्कैनर की कॉपी भेजी। प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 750 रुपये जमा कराने को कहा। महिला के अनुसार उन्हें भरोसा दिलाया गया कि 24 से 48 घंटे के भीतर उनकी टीम घर पहुंचकर नकद भुगतान करेगी। तब साइबर ठगी का शक हुआ। कल्याणपुर इंस्पेक्टर संतोष सिंह ने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही। संवाद