कानपुर। गुरुवार देर रात बिधनू कस्बा निवासी सब्जी विक्रेता रामसिंह के घर में घुसकर नकाबपोश बदमाशों ने पूरे परिवार को लाठी-डंडों से पीटा। चीख पुकार मचने पर आसपास के लोग दौड़े तो बदमाश मकान के पीछे स्थित खेत के रास्ते से भाग निकले। मारपीट में रामसिंह, बेटी मधु (16) और बेटे आनंद (13) को खासी चोटें आई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को हैलट अस्पताल में भर्ती कराया। इंस्पेक्टर पन्नालाल का कहना है कि घर पर कोई लूटपाट नहीं हुई है, लिहाजा मामला रंजिश का लग रहा है। फिलहाल 3-4 अज्ञात लोगों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट और धमकाने का मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। रामसिंह के घर से बीस कदम की दूरी पर ही चुन्नू की ज्वैलर्स की दुकान का शटर तोड़ने का भी प्रयास किया गया। पुलिस इन दोनों घटनाओं को भी जोड़कर बदमाशों का सुराग लगा रही है।