कानपुर। प्रदेश के हस्तशिल्पियों और उनके उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ‘हस्तशिल्प विपणन प्रोत्साहन योजना’ के तहत वित्तीय वर्ष 2013-14 में कानपुर सहित पूरे प्रदेश में 52 शहरों पर मेले और प्रदर्शनी आयोजित करेगी। यह जानकारी जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक एनके सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि पूरे वर्ष भर में लगने वाले मेले एक सप्ताह से लेकर 10 दिन तक चलेंगे। इसमें हस्तशिल्पी अपने उत्पादों की प्रदर्शनी लगाएंगे। उन्होंने बताया कि कानपुर में कानपुर महोत्सव के दौरान मेला लगाया जाएगा। इसके अलावा हमीरपुर, महोबा, चित्रकूट, झांसी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव सहित प्रदेश के 52 शहरों में मेले लगाए जाएंगे।