कानपुर। साइबर ठगों ने जूही कला निवासी रेलवे कर्मी सत्यम राठौर के बैंक खाते से दो बार में 95 हजार रुपये पार कर दिए। खास बात यह रही कि पीड़ित ने न कोई ओटीपी साझा किया और न ही किसी अनजान लिंक पर क्लिक किया था। खाते से रकम निकलने का मैसेज आने पर उन्हें ठगी की जानकारी हुई। सत्यम बांद्रा रेलवे टर्मिनल में टेक्नीशियन हैं। उनका बैंक ऑफ बड़ौदा की बर्रा शाखा में खाता है। उनके मुताबिक, सोमवार दोपहर 12:47 बजे खाते से 50 हजार रुपये निकले। इसके छह मिनट बाद ही 45 हजार रुपये निकल गए। लगातार दो लेनदेन के मैसेज आने पर उन्होंने बैंक से संपर्क किया और साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित ने मोबाइल हैक कर खाते से रकम निकालने की आशंका जताई है। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर जांच कर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। (संवाद)