कानपुर। महानगर में कोरोना वायरस महामारी से लड़ने के लिए शासन ने अधिकारियों की एक और नई टीम उतारी है। इसके तहत आयुक्त स्तर के पांच अधिकारी मंडलायुक्त सुधीर एम बोबडे की टीम में होंगे ।जबकि दो आईएएस ट्रेनी और एक पीसीएस ट्रेनी अधिकारी को जिलाधिकारी डॉ ब्रह्मदेव राम तिवारी के निर्देशन में यहां भेजा गया है। उसके अतिरिक्त कोविड 19 कानपुर महानगर के लिए नए नोडल अधिकारी के रूप में अनिल गर्ग को भेजा गया है। इससे पहले नोडल अधिकारी के रूप में यहां आए नितिन रमेश गोकर्ण को शासन ने वापस बुला लिया है। पता चला है कि नितिन रमेश गोकर्ण का कानपुर में नोडल अधिकारी के रूप में कार्यकाल सिर्फ एक सप्ताह के लिए था। नए नोडल अधिकारी ने कार्यभार संभालते हुए कोरोना वायरस संक्रमण क्षेत्रों का दौरा भी शुरू कर दिया है।