कानपुर। बर्रा निवासी महिला को बीमा पॉलिसी की गोपनीय जानकारी बताकर शातिर ने बातों में फंसा तीन बार में 80 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। बैंक ने किस्त जमा न होने की जानकारी पर उन्होंने बर्रा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। बर्रा छह निवासी अनीता सैनी ने बताया कि 24 अक्तूबर 2024 को निजी बैंक से बीमा पॉलिसी ली थी। चेक से पहली किस्त जमा की थी। 28 मार्च को राजीव गर्ग नामक व्यक्ति ने खुद को बैंक कर्मी बता फोन किया। पॉलिसी से जुड़ी गोपनीय जानकारियां बताईं, इस पर उन्हें भरोसा हो गया। उसने ऑनलाइन किस्त जमा करने को कहा। उसने जिस खाते में रुपये भेजने की बात कही वो भी बैंक का ही गेटअवे था, इसपर बेटे लक्ष्य ने तीन बार में 80 हजार रुपये खाते में भेज दिए। रसीद न मिलने पर उसी नंबर पर फोन किया लेकिन फोन नहीं उठा। बैंक से संपर्क किया तो किस्त जमा न होने की बात पता चलने पर ठगी का अहसास हुआ।बर्रा इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है, कार्रवाई की जा रही है। (संवाद)