कानपुर। मोतीझील स्थित नगर निगम मुख्यालय में शनिवार को महापौर प्रमिला पांडेय ने एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) का शुभारंभ किया। यहां नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय भी मौजूद रहे। योजना से करीब 3.5 लाख गृहकरदाता लाभान्वित होंगे। यह योजना जलकल विभाग में भी लागू रहेगी। महापौर ने बताया कि यह योजना 15 अगस्त से 15 दिसंबर तक चलेगी जबकि आवेदन की अंतिम तिथि 14 नवंबर है। योजना के तहत नगर निगम कानपुर सीमा क्षेत्र के सभी संपत्ति स्वामियों को ब्याज और सरचार्ज में 100 प्रतिशत छूट दी जाएगी। महापौर और नगर आयुक्त ने शहरवासियों से योजना का लाभ उठाने की अपील की। यहां मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विजय कुमार सिंह, कर निर्धारण अधिकारी सीपी सिंह, रवींद्र कुमार, अनुपम त्रिपाठी, सहायक नगर आयुक्त विद्या सागर यादव आदि मौजूद रहे। (संवाद)