कानपुर। अपर इंडिया जच्चा बच्चा अस्पताल की तरह जिला महिला चिकित्सालय डफरिन में भी कोरोना संक्रमित मरीज भर्ती होंगी। शनिवार से अस्पताल में आने वाली कोरोना की सभी संदिग्ध मरीजों की कोरोना जांच के लिए नमूने लेने का कार्य भी शुरू हो जाएगा। इसके लिए शुक्रवार को अलग कक्ष तैयार हो गया। डफरिन अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ वीबी सिंह ने बताया की कोरोना के मरीजों को इस अस्पताल में भर्ती न करने और पहले से यहां भर्ती कोरोना संक्रमित तीन गर्भवती महिलाओं को अपर इंडिया जच्चा बच्चा अस्पताल शिफ्ट करने के संबंध में कोई आदेश या निर्देश नहीं मिला है। शनिवार से अस्पताल में आने वाली सभी मरीजों में से जिनमें डॉक्टर को कोरोना होने का शक होगा, उनकी जांच के लिए इसी अस्पताल में नमूने लेने के साथ ही तुरंत उन्हें कोरोना सस्पेक्टेड वार्ड में भर्ती किया जाएगा। जांच रिपोर्ट आने पर यदि मरीज में कोरोना की पुष्टि हुई तो उसे कोरोना वार्ड में शिफ्ट करेंगे वरना जनरल वार्ड में ही डिलीवरी या अन्य तरह का इलाज किया जाएगा।