कानपुर। मकड़ीखेड़ा निवासी हलवाई रामचंद्र गुप्ता ने तीन लोगों के खिलाफ जमीन दिखाकर 23 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए बिठूर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि इसी सदमे में पत्नी की जान भी चली गई। पुलिस कमिश्नर से शिकायत के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। पीड़ित रामचंद्र गुप्ता ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि छोटी मनोह चौबेपुर निवासी शैलू मिश्रा उर्फ अजय, रतनपुर पनकी निवासी रोहित निगम ने दो अक्तूबर 2022 को कानपुर देहात के फत्तेपुर शिवली निवासी अन्नू तिवारी से मुलाकात कराई। इन लोगों ने मकसूदाबाद में 200 वर्गगज का प्लॉट दिखाया जिसका सौदा 23 लाख में तय हुआ। सात अक्तूबर 2022 में रुपये दे दिए। इसके बावजूद रजिस्ट्री नहीं की। इसी मामले से सदमे आई पत्नी बीमार हो गई और 14 नवंबर 2024 को मौत हो गई। बिठूर इंस्पेक्टर प्रेमनारायण विश्वकर्मा ने बताया तीनों पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। (संवाद)