मृतकों की फाइल फोटो व मौके पर पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के घाटमपुर के मवई भच्छन गांव में शनिवार देर रात जहरीली शराब पीने से 2 लोगों की मौत हो गई जबकि ग्राम प्रधान समेत छह लोगों की हालत गंभीर है। सभी गंभीर हैलट में भर्ती हैं। मरने वालों में एक स्वास्थ्यकर्मी और ट्रक ड्राइवर शामिल है।
गांव के प्रधान रणधीर यादव, पूर्व प्रधान विपिन सचान के बेटे फतेहपुर के अमौली में स्वास्थ्यकर्मी अंकित सचान (30) और गांव के रमन सचान, प्रिंस सचान, पुत्तन यादव, विवेक शर्मा व लालजी ने शनिवार शाम एक साथ शराब पी। वहीं ट्रक ड्राइवर अनूप सचान (32) घाटमपुर कस्बे से शराब पीकर घर आया था।
देर रात इनकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां से सभी को हैलट अस्पताल रेफर किया गया। हैलट में अनूप और अंकित की इलाज के दौरान मौत हो गई।
मृतकों के परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शवों का अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर ली थी तभी सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू की।