रूरा। कस्बा के शिवली रोड पर रविवार की रात को ट्रैक्टर व बस की टक्कर में लगभग आधा दर्जन लोग लोग बुरी तरह से घायल हो गए। जिन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवा कर यातायात सुचारु करवाया। शिवली रोड पर गुटैहा गांव में रविवार की देर शाम शिवली से रूरा की ओर आ रही एक बस की ट्रैक्टर से भिड़ंत हो गई। इसमें बस सवार पांच लोग घायल हो गए। ग्रामीणों ने यूपी 100 को सूचित किया। मौके पर पहुंची, पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। एसआई केपी सिंह ने बताया कि कारी गांव के गजेंद्र यादव के ट्रैक्टर व निजी बस की टक्कर से नकसिया गांव निवासी संतोष समेत पांच घायल हो गए। चार घायल बेहोशी की हालत में हैं, जिससे उनके नाम, पता नहीं पता चल सका हैं। सभी घायल बस में सवार थे। उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं, मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस चालक नशे की हालत में था, लेकिन भीड़ के बीच वह मौका पाकर फरार हो गया। थानाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राठी ने बताया कि दोनों ही वाहनों को बीच रास्ते से हटवाकर रास्ता सुचारु करवा दिया गया है।