घाटमपुर (कानपुर)। बीते शनिवार की देररात कस्बे के जहानाबाद रोड रेलवे क्रासिंग का गेट (बूम) ट्रक की टक्कर से टूट गया। घटना के बाद चालक तेजी से ट्रक को लेकर मौके से भाग निकला। रेलवे की तकनीकी टीम ने सुबह गेट की मरम्मत कर रेल यातायात सुचारु किया। मरम्मत कार्य के चलते जहानाबाद रोड पर कुछ देर के लिए वाहनों का आवागमन रोकना पड़ा। रेलवे स्टेशन अधीक्षक कमल बाबू ने बताया कि बीते शनिवार की रात करीब 1.30 बजे तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से जहानाबाद रोड पर स्थित रेलवे क्रासिंग के गेट का बूम टूट गया। सूचना स्टेशन पर दर्ज करने के साथ ही अधिकारियों को जानकारी दी गई। भोर पहर घाटमपुर आई रेलवे की तकनीकी टीम ने बूम की मरम्मत शुरू की। कानपुर और बांदा की ओर आने-जाने वाली ट्रेनों को जीआरपी की देखरेख में कासन देकर निकलवाया गया।