बिल्हौर (कानपुर)। कोतवाली क्षेत्र से गुजरे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे पर नोएडा से लखनऊ की ओर जा रही कार डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हाईवे पुलिस ने कार में फंसे घायल को सीएचसी भेजा और हाईवे का संचालन दोबारा शुरू कराया। सीएचसी बिल्हौर के डाक्टरों ने घायल को कानपुर रेफर कर दिया। इंस्पेक्टर ज्ञान सिंह ने बताया कि नोएडा निवासी योगेंद्र पुत्र रामशरन एक निजी कंपनी में कर्मी हैं, शनिवार की सुबह वह कार से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे लखनऊ जा रहे थे। क्षेत्र के अरौल कस्बे के पास कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई। कार सड़क पर पलटते हुए दूर जा गिरी। हादसे में योगेंद्र गंभीर रूप घायल हो गए। यूपीडा और हाईवे पुलिस के कर्मियों ने कार में फंसे योगेंद्र को निकाल उपचार केलिए सीएचसी बिल्हौर भेजा, जहां डाक्टरों ने उन्हें कानपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने घायल के परिजनों को घटना की जानकारी देकर दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में लिया है।