-तीन को चकरनगर पुलिस ने कर लिया था गिरफ्तार, नौ की तलाश जारी
- गहनों में केमिकल डालकर निकाल लेते थे सोने के कण
संवाद न्यूज एजेंसी
इटावा। बिहार से दिल्ली जा रहे 12 टप्पेबाज ट्रेन से इटावा जंक्शन पर उतर गए । तीन टप्पेबाजों की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में पुलिस को जानकारी हुई। पुलिस अन्य नौ टप्पेबाजों की तलाश में जुट गई है।
चकरनगर थाना क्षेत्र के नगला कढ़ोरी बीती 24 सितंबर को दिन में तीन टप्पेबाज वर्षा देवी के घर पहुंचे थे। उन्होंने वर्षा को बताया था कि वह पुराने जेवरों की सफाई करते हैं। महिला ने सोने की झुमकी व चांदी की चेन तीनों को साफ करने के लिए दिए थे। टप्पेबाजों ने केमिकल से झुमकी साफ करके दे दी थी। तीनों ने महिला से पीने के लिए पानी मांगा तो वह उसकी चेन लेकर भाग गए थे।
महिला की सूचना पर पुलिस ने तीनों को उसी दिन गिरफ्तार करके जेल भेज दिया था। महिला ने बताया कि उसकी झुमकी का वजन केमिकल में डलने के बाद कम हो गया है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि तीनों टप्पबाजों को पकड़कर जेल भेज दिया गया था। पकड़े गए विकास निवासी थाना राजा सोमवर्षा जिला सहरसा, राजकुमार निवासी बहुआरा थाना बखारी व दिनेश कुमार निवासी वेला वहुआरा थाना वरवरी जिला बेगूसराय बिहार के रहने वाले हैं।
टप्पेबाज केमिकल में जेवर डालकर उससे कुछ कण निकाल लेते हैं। पूछताछ में टप्पेबाजों ने बताया था कि वह 12 लोग 23 सितंबर की रात वैशाली एक्सप्रेस ट्रेन से बेगूसराय से दिल्ली जा रहे थे। रास्ते में इटावा जंक्शन पर उतर गए थे। सुबह होने पर 12 लोग अलग जगह निकल गए थे। वह शास्त्री चौराह पर पहुंचकर उदी जाने वाले ऑटो में बैठ गए थे। वहां से वह चकरगर पहुंचे थे।
वह लोग टप्पेबाजी करने के बाद जगह छोड़ देते हैं। उससे पहले पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने बताया कि अन्य नौ टप्पेबाजों की तलाश में पुलिस जुट गई है। जीआरपी को भी जांच के लिए लिखा जा रहा है। आस-पास के जनपद की पुलिस को भी सूचना दी जाएगी।