इटावा। जिले के अलग अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर उनका पोस्टमार्टम कराया है।
पहली घटना चौबिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव बरालोकपुर के पास तेजी से जा रही एक कार ने सड़क किनारे जा रहे एक बालक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक कार को छोड़कर भाग निकला। जानकारी मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और घायल बालक को जिला अस्पताल लाए जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बालक के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्ट मार्टम के लिए भेजा है।
बरालोकपुर गांव निवासी श्याम किशोर का आठ वर्षीय पुत्र असित कुमार अपने गांव के पास सड़क के किनारे पैदल जा रहा था। तभी तेजी से आ रही कार ने असित को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से असित गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक कार को छोड़कर भाग निकला। हादसे की जानकारी मिलने पर गांव व परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और घायल बालक को जिला अस्पताल लाए जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरी घटना चौबिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत चौपुला से ऊसराहार को जाने वाली एक्सप्रेस वे की सर्विस लेन पर हुई जहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौत हो गई। फ्रेंड्स कालोनी थाना क्षेत्र के मोहल्ला एचएन नगर आईटीआई चौराहा निवासी गुरमीत सिंह (30) पुत्र राकेश बाबू बाइक से रिश्तेदारी में जाने की बात कहकर घर से निकला था। तभी रात के समय चौबिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक्सप्रेस वे की सर्विस लेन पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। उसके पास से मिले मोबाइल के आधार पर पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी।
तीसरी घटना जसवंत नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हाईवे पर गांव फुलरई के पास हुई जहां ट्रक की चपेट में आने से एक अधेड़ की मौत हो गई। क्षेत्र के गांव फुलरई निवासी गोरे लाल (55) पुत्र सरनाम सिंह अपने गांव के पास स्थित एक भट्टे पर मजदूरी करता था। मंगलवार की सुबह वह भट्टे पर जाने के लिए पैदल ही घर से निकला था। जब वह हाईवे पर जा रहा था तभी तेजी से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक को लेकर भाग निकला। हादसे की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।