कानपुर। दक्षिण क्षेत्र में बना 100 बेड का अस्पताल मार्च में शुरू हो जाएगा। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही सरकारी कामकाज के लिए उन्हें शहर के दूसरे हिस्सों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। एसडीएम, अपर नगर आयुक्त समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एक परिसर में बैठेंगे। यह दावा गुरुवार को नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद गोपीकृष्ण पांडेय ने प्रेसक्लब में आयोजित प्रेस से मिलिए कार्यक्रम में किया। उन्होंने कहा कि शहर की ध्वस्त ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस योजना बनाई जाएगी। ओवरब्रिज निर्माण, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन पर भी काम होगा। दिवाली के बाद अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्याओं के समाधान की कार्ययोजना तैयार की जाएगी। उन्होंने बताया कि किदवईनगर में उनका कार्यालय खुलेगा, जहां नियमित रूप से लोगों की शिकायतें सुनी जाएंगी। भाजपा में गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने कहा कि कुछ कमियां हो सकती हैं, लेकिन सब ठीक हो जाएगा। दक्षिण में तीन मंजिला प्रेस क्लब कार्यालय बनवाने और पत्रकारों के इलाज व पेंशन का मुद्दा सरकार के सामने उठाने का भी आश्वासन दिया। (ब्यूरो)