गुरसहायगंज। बगैर परामर्श के नींद की गोली लेने सीएचसी पहुंचे युवक की फार्मासिस्ट से कहासुनी हो गई। मामला बढ़ने पर युवक ने फार्मासिस्ट को पीट दिया। इसके बाद गालीगलौज देते हुए भाग निकला। वारदात के बाद से स्वास्थ्य कर्मचारियों में आक्रोश है।
तिर्वा रोड स्थित सीएचसी पर ग्राम मिरगावा निवासी तारिक अप्रेंटिस फार्मासिस्ट की ट्रेनिंग कर रहे हैं। गुरुवार की दोपहर एक बजे कुडरीपुरवा निवासी युवक बिना डॉक्टर के पर्चा लिए हुए पहुंच गया और नींद की गोलियां मांगने लगा।
तारिक के मना पर करने वह गालीगलौज करने लगा। इस दौरान युवक ने फार्मासिस्ट तारिक को पीट दिया। इससे सीएचसी में भगदड़ मच गई। जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य कर्मी मौके पर जुट गए। जबकि आरोपी युवक इस दौरान भाग निकला। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।