कन्नौज। जिला स्तरीय युवा सम्मेलन में गंगा की स्वच्छता और निर्मलता के लिए चल रहे अभियान को सफल बनाने की अपील की गई। नेहरू युवा केंद्र की ओर से नमामि गंगे परियोजना के तहत युवक-युवतियों ने कई कार्यक्रम पेश किए। साथ ही युवा क्लब के सदस्यों को खेल सामग्री भी वितरित की गई।
मेहंदीघाट किनारे जिला युवा सम्मेलन का शुभारंभ प्रभागीय वनाधिकारी राकेश सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि गंगा की स्वच्छता के लिए हम सभी को मिलकर कार्य करना होगा। इसके लिए गंगा सेवकों की भागीदारी जरूरी है। सांसद प्रतिनिधि प्रवीण टंडन ने युवाओं को गंगा की स्वच्छता के लिए एकजुट होने के साथ ही खेल के माध्यम से फिट रहने का भी संदेश दिया। अतिथियों ने गंगा ग्राम के उत्कृष्ट गंगा दूतों को पुरस्कार दिया।
भाजपा जिला महामंत्री हरिबक्श सिंह ने गंगा में डाले जा रहे कचरे के कारणों एवं उसके समाधान में युवाओं की सहभागिता पर विचार रखे। जिला परियोजना अधिकारी नेहरू युवा केंद्र अजय त्रिपाठी व राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन परियोजना का ब्योरा गंगा समिति अध्यक्ष अनिल द्विवेदी ने रखा। गंगा ग्रामों और आठों ब्लॉक क्षेत्र की 35 खेलकूद युवा क्लब टीमों को खेल किट बांटी गई।
जिला युवा अधिकारी रोहित त्रिपाठी ने अतिथियों और युवाओं का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर अंशु अग्रवाल, चक्रेश पांडेय, राजेंद्र कुमार, मोहित, प्रतीक्षा, आराधना, स्वाति, दीपाली, मुस्कान, संदीप व प्रदीप गौतम मौजूद रहे। संचालन यूथ अवॉर्ड से सम्मानित विवेक सैनी ने किया।