कन्नौज। राजकीय महिला महाविद्यालय में मतदाता पंजीकरण कार्यालय का जिलाधिकारी शुभ्रांत शुक्ल ने फीता काटकर उद्घाटन करते हुए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा 140 करोड़ की आबादी का लोकतांत्रिक देश हैं। देश में बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार दिया गया है। सभी के वोट की कीमत समान दी गई है। भारत निर्वाचन आयोग का निर्देश है कि जो युवा 01 जनवरी 2024 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, उन सभी युवाओं का मतदाता कार्ड बनाए जाए। आयोग का प्रयास रहता है कि 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवा मतदाता बने, और अपने मन का जनप्रतिनिधि चुने। उन्होंने कहा कि युवा मतदाता अपने आसपास के उन युवाओं को प्रेरित करे, जिनकी आयु 18 वर्ष हो चुकी है। वह मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य शामिल करा लें। इस दौरान एसडीएम सदर अविनाश कुमार गौतम, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार, डीआईओएस आदि संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
ऑनलाइन भी कर सकते पंजीयन
जिलाधिकारी ने बताया कि लाभार्थी गूगल प्ले स्टोर में जाकर वोटर हेल्प लाइन एप को डाउनलोड करके मतदाता कार्ड के लिए ऑनलाइन पंजीयन कर सकता हैं। मतदाता सूची में पंजीकरण कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें 04, 05, 25, 26 नवंबर एवं 02, 03 दिसंबर की तिथियों में अपनी मतदाता सूची में अपना नाम संशोधन, नाम को हटाने व जोड़ने का किया जाएगा। आपके आसपास जो लोग मतदाता सूची में नाम से वंचित है तो उन्हें अपना नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें।