कन्नौज जिले के सौरिख में हैंडपंप की बोरिंग करने के बाद मशीन लादकर देर शाम को घर लौट रहे मजदूरों की बाइक की ठेली में कंटेनर ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल चारों युवकों को 100 शैया अस्पताल में भर्ती कराया। देर रात घायलों में विपिन की मौत हो गई।
बहवलपुर निवासी अमित उर्फ बंटी (30), टिंकू (32), विपिन (30) व श्याम सिंह (20) हैंडपंप की बोरिंग करने का काम करते हैं। सौरिख में बोरिंग करने के बाद बाइक की ठेली में लादकर गांव लौट रहे थे। देर शाम जीटी रोड पर नेहरू महाविद्यालय के पास से बहवलपुर जाने वाले रास्ते पर जाने के लिए अमित उर्फ बंटी ने बाइक ठेली को विपरीत लेन पर मोड़ दी। तभी गुरसहायगंज से बेवर की तरफ जा रहे कंटेनर ने बाइक ठेली में टक्कर मार दी। चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन समेत मौके से भाग निकला।