मानीमऊ। जीटी रोड पार कर रहे युवक को ट्रक ने कुचल दिया। युवक जख्मी होकर वहीं गिर गया। इसके बाद उसके ऊपर से ही कई गाड़ियां गुजर गईं। इससे युवक के शरीर के चीथड़े उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चिथड़ों को एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।
सदर कोतवाली के मानीमऊ रेलवे रोड निवासी रामविलाश सक्सेना का पुत्र सुशील कुमार सक्सेना (31) किसी काम के लिए मियागंज रोड पर गया था। वहां से वापस घर आते समय नेरा-ठठिया रेलवे क्रॉसिंग के सामनेजीटी रोड को पार करते समय कानपुर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। लोग जब तक कुछ समझ पाते तब तक पीछे से आ रहे दूसरे वाहन भी ऊपर से ही गुजर गए। आसपास के लोगों ने वाहनों को रोक कर पुलिस को जानकारी दी।
-
हाईवे बनने से हादसे की नहीं हो पाती जानकारी
हादसे का शिकार हुए सुशील सक्सेना की शादी आठ वर्ष पहले हुई थी। उसके दो पुत्र छह वर्षीय कृष्णा और तीन वर्षीय कार्तिक है। पत्नी अनुराधा को हादसे की जानकारी होने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने बताया पुलिस चौकी जीटी रोड से एक किलोमीटर दूर होने के कारण हादसे की जानकारी नहीं हो पाती है। हाईवे का चौड़ीकरण हो जाने से रोजाना हादसा हो रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है ठठिया-नेरा और मियागंज मार्ग के सामने पुलिस पिकेट लगाई जाए, जिससे जीटी रोड पैदल क्रॉस करने वालों को आसानी से निकाला जा सके।