कन्नौज जिले के तालग्राम थाने से सिपाही की वर्दी चोरी कर युवक ने कमर में तमंचा खोंस कर ठेली दुकानदारों से वसूली शुरू कर दी। शिकायत पर सक्रिय हुई पुलिस ने घेराबंदी कर नकली पुलिस वाले को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को थाना प्रभारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने घेराबंदी कर आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे के अंडरपास से सिपाही की वर्दी पहने कस्बा जेरकिला मोहल्ला निवासी आकिब अंसारी (20) को गिरफ्तारी कर लिया।
आकिब पुलिस कर्मियों के अंदाज में कमर में तमंचा भी लगाए मिला। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि तालग्राम कस्बा में दो-चार दिन से एक सिपाही द्वारा डरा-धमका कर ठेली दुकानदारों से वसूली करने की शिकायत मिली थी। छानबीन करने में पता चला कि एक युवक सिपाही की वर्दी पहनकर वसूली कर रहा है। इससे युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
थाने गया था तहरीर देने, चोरी कर ले आया वर्दी
नकली पुलिस कर्मी बना आकिब अंसारी का 23 अगस्त को पड़ोसी से विवाद हो गया था। इसके बाद वह थाने तहरीर देने गया था। इस दौरान थाने में तैनात आरक्षी अनुज कुमार की वर्दी सूख रही थी। जिसे आकिब अंसारी ने चोरी कर लिया। इसके बाद अनुज कुमार की नेम प्लेट लगाकर वसूली कर रहा था।
घर से झोले में डालकर सुनसान जगह पहनता था वर्दी
आरोपी आकिब अंसारी बेहद शातिर है। किसी को शक न हो, इसलिए वह घर से निकलते वक्त झोले में वर्दी डालकर निकलता था। इसके बाद सुनसान जगह पर वर्दी पहन कर वसूली शुरू कर देता था। उसने दर्जी से वर्दी की फिटिंग भी कराई थी। पुलिस ने आर्म्स एक्ट, धारा 420 और 170 धारा में मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया।