कन्नौज। ससुरालीजनों की धमकी से तंग आकर युवक ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने अपने हाथ पर एक सुसाइड नोट लिखा था, जिसमें ससुर और साले का नाम और दो लाख रुपये का जिक्र था। मृतक अपने पैसे मांगता था, लेकिन ससुरालीजन धमकी देते थे, जिससे वह परेशान होकर उसने अपनी जान दे दी।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रिजगिर निवासी सलमान ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक सलमान के भाई दिलदार ने बताया कि दो-तीन महीने पहले सलमान ने अपने ससुर और साले को रुपये उधार दिए थे, लेकिन वह लोग पैसे वापस नहीं कर रहे थे। सलमान बार-बार पैसे की मांग करता था, जिससे उसे धमकियां मिलती थीं। ससुरालीजनों ने सलमान से पैसे उधार लिए थे। इससे वह परेशान था।
रविवार की देर रात सलमान का ससुर और साले से फोन पर झगड़ा हुआ था। सोमवार को उसका शव स्कूल के पीछे बाग में आम के पेड़ पर रस्सी के फंदे पर लटका मिला। सलमान की शादी पांच साल पहले नाजिया से हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। ससुराल वालों की वजह से उसके पत्नी के साथ भी रिश्ते अच्छे नहीं थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल जय प्रकाश शर्मा ने बताया कि सुसाइड नोट के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। अभी तहरीर नहीं मिली है। मिलते ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।