कन्नौज। जीटी रोड पर बाइक सवार महिला गिर गई। इससे पहले की महिला उठ पाती तभी ट्रक ने रौंद दिया। चेहरे पर टायर चढ़ने से महिला की पहचान नहीं हो पाई। वहीं, हादसे के बाद ट्रक को पकड़ने का बहाना बनाकर बाइक सवार भी फरार हो गया।
शनिवार दोपहर एक बजे 35 वर्षीय महिला युवक के साथ बाइक से जा रही थी। जिला अस्पताल के पास गड्ढे में बाइक का पहिया जाने से महिला उछल कर सड़क पर गिर गई। इस दौरान तेज गति में आ रहे ट्रक का पहिया महिला के सिर पर चढ़ गया। इससे मौके पर ही महिला की मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला एक युवक की बाइक पर सवार थी। हादसे के बाद बाइक सवार ट्रक को पकड़ने की बात कहते भाग निकला। शव को कब्जे में लेकर महिला की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।