छिबरामऊ। नगर के सौ शैया अस्पताल में विवाहिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया। ससुरालियों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
तालग्राम थाना क्षेत्र के ग्राम धिंगपुर निवासी मोहित कुमार की पत्नी अंजली (24) को सोमवार की सुबह गंभीर हालत में सौ शैया अस्पताल में परिजनों ने भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पिता फर्रुखाबाद जनपद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के भारत नगर निवासी ओमकार परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे। बताया कि अंजली की शादी चार साल पहले लॉकडाउन में मोहित के साथ की थी। शादी के बाद से ही ससुरालीजन व्यापार करने के लिए दो लाख की मांग कर उनकी बेटी को परेशान करने लगे। मांग पूरी न होने पर उनकी बेटी की हत्या कर दी। हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने हंगामा किया। सूचना पर तालग्राम पुलिस मौके पर पहुंची। इस संबंध में तालग्राम थानाध्यक्ष देवेश पाल ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।