कन्नौज। सौरिख के दौलताबाद में अपनी जमीन का बैनामा होने के बाद भी कब्जा न मिलने से परेशान महिला ने कलक्ट्रेट में आत्मदाह की कोशिश की। इसकी भनक लगते ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
सौरिख, संवाददाता। दौलताबाद गांव में बैनामा के बाद कब्जा पाने के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रही महिला को कब्जा न मिलने से डीएम कार्यालय पहुंचकर पेट्रोल डालकर आत्महत्या का प्रयास किया। भनक लगते ही पहुंची पुलिस ने उसे रोक लिया। सदर कोतवाली में उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कलक्ट्रेट में सोमवार की दोपहर करीब दो बजे तब अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला हाथ में पेट्रोल का लेकर पहुंच गई। वहां मौजूद पुलिसकर्मियाें ने उसे रोक लिया। उसने बताया कि वह छिबरामऊ थाना क्षेत्र के गीतापुरम की रहने वाली व नाम संतोष कुमारी है।
सौरिख थाना क्षेत्र के दौलताबाद चौकी क्षेत्र के रहने वाले एक युवक से भूमि विवाद चल रहा है। उसने जमीन खरीदी है, लेकिन कब्जा नहीं मिल रहा है। कई बार अफसरों से फरियाद की, लेकिन कोई कार्रवाई न हुई।
सदर कोतवाली क्षेत्र के सरायमीरा चौकी प्रभारी शेखर सैनी ने बताया कि महिला पुलिस कर्मियों ने उसको पकड़ लिया। सरायमीरा चौकी प्रभारी शेखर सैनी ने सदर कोतवाली में महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। उसकी शिकायत का संज्ञान लेकर मामले की जांच करवाई जा रही है।