तालग्राम (कन्नौज)। इस समय कुत्ते हिंसक हो रहे हैं। राह चलते लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। सोमवार सुबह कुत्ते ने एक महिला समेत पांच लोगों को जख्मी कर दिया। सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
आए-दिन इन आवारा कुत्तों के हमलों में घायल करीब 30 लोग एंटी रेबीज वैक्सीन (एआरवी) लगवाने के लिए सीएचसी पहुंच रहे हैं। कस्बा से लेकर देहात तक यह कुत्ते गलियों में घूमते रहते हैं। कुत्तों के डर से लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
सोमवार सुबह अकरमाबाद गांव में सड़क पर जा रहे गांव निवासी महेंद्र सिंह (35), नौशाद खां का पुत्र उवैस खां (6) ,रमेशचंद्र का पुत्र सूर्या (9) बृजेश कुमार (35) पर हमला कर घायल कर दिया।
ग्रामीणों ने कुत्ते को खदेड़ा तो खेत पर घास काट रही सलेमपुर निवासी महिला श्याम देवी ( 55) पत्नी मंथनीलाल पर भी हमला कर जख्मी कर दिया। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। सीएचसी तालग्राम के फार्मासिस्ट श्याम नारायण ने बताया कि रोजाना 30 लोग एआरवी लगवाने के लिए पहुंच रहे हैं।