कन्नौज। पांच जनवरी से जारी बार एसोसिएशन चुनाव की गहमागहमी के नतीजे का दिन आ गया है। शनिवार को कन्नौज बार एसोसिएशन की नई टीम चुन ली जाएगी। एसोसिएशन से जुड़े 783 अधिवक्ता अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। शनिवार की शाम ही नतीजे घोषित हो जाएंगे।
शनिवार को होने वाले चुनाव से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। अधिवक्ता अपनी-अपनी पसंद के अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष पद के उम्मीदवारों में से ही किसी एक का चुनाव करेंगे। बाकी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया है।
बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए चुनाव अधिकारी अनिल कुमार द्विवेदी तपन ने बताया कि नाम वापसी के बाद जो तस्वीर सामने आई है, उसके मुताबिक अध्यक्ष, महासचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा। बाकी पदों पर पदाधिकारी व सदस्यों का निर्विरोध निर्वाचन हो गया है। बताया कि सुबह निर्धारित समय पर मतदान शुरू हो जाएगा। मतदान पूरा होते ही शाम में ही वोटों की गिनती कर नतीजों की घोषणा कर दी जाएगी।
यह उम्मादवार हैं मैदान में
चुनाव अधिकारी अनिल द्विवेदी तपन ने बताया कि शनिवार को कुल 783 अधिवक्ता मतदान करेंगे। अध्यक्ष पद के लिए ब्रजमोहन त्रिपाठी, मोहम्मद इदरीस खान, राकेश तिवारी, सियाराम कनौजिया, उमेशचंद्र तिवारी उम्मीदवार हैं। महासचिव पद के लिए अवधेश कुमार, लोकेंद्र तिवारी, रामखिलावन उम्मीदवार हैं। कोषाध्यक्ष पद पर कविता सिसौदिया, शिवांक बाजपेई और विमल दोहरे उम्मीदवार हैं। चुनाव की जिम्मेदारी वरिष्ठ अधिवक्ता अशोक चंद्र जैन, कमालुद्दीन खां, अनिल द्विवेदी तपन, केके अडवानी, राकेश सिंह यादव, छोटे लाल और श्याम सिंह वर्मा की टीम निभाएगी।