कन्नौज। कलक्ट्रेट के गांधी सभागार में गूगल मीट के माध्यम से सेक्टर मजिस्ट्रेटों को दिए जा रहे प्रशिक्षण के दौरान डीएम शुभ्रांत शुक्ल ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने वोटर टर्नआउट एप लांच किया है। उसकी मदद से मतदान के समय वोटरों की संख्या और मतदान प्रतिशत की जानकारी कर सकते हैं।
टर्नआउट एप में चुनाव से संबंधित डाटा समय-समय पर फीड किया जाएगा। एप की विस्तृत जानकारी के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट और पीठासीन अधिकारी को प्रशिक्षित किया जाए, जिससे जो रिकॉर्ड मिले भरने में किसी प्रकार की समस्या न हो और डेटा सबको समय-समय पर पता चलता रहे। उन्होंने कहा कि एआरओ, सेक्टर मजिस्ट्रेट को और सेक्टर मजिस्ट्रेट, पीठासीन अधिकारी को जोड़ेंगे। मतदान खत्म होने और पोलिंग पार्टी के वापस लौटने के बाद डेटा वेरिफाई किया जाएगा। इसके बाद अंतिम आंकड़ों को एप पर अपलोड कर दिया जाएगा। एप पर पुरुष और महिला मतदाताओं की संख्या भी अलग-अलग दिखाई जाएगी।
डीएम ने कहा कि पहला काम चुनाव को सकुशल संपन्न कराना है और अपने लक्ष्य के अनुरूप कार्य करना है। अपने-अपने सेक्टर का भ्रमण कर कार्य करें, लोगों को अधिक से अधिक प्रेरित करें और उनकी कठिनाइयों का समाधान करें। किसी को समस्या न होने पाए, इस पर विशेष ध्यान दिया जाए। इस दौरान एडीएम अशीष कुमार सिंह, सीडीओ रामकृपाल चौधरी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कटियार सहित संबंधित सेक्टर मजिस्ट्रेट आदि उपस्थित रहे।