कन्नौज। पुलिस सुरक्षा के बीच शनिवार को जनपद की 51 प्रारंभिक सहकारी समितियों में मतदाता सूची का प्रकाशन हुआ। 12 मार्च यानि आज नामों को लेकर आपत्तियां मांगी गईं हैं। 13 को निस्तारण और 14 मार्च को विकास खंड मुख्यालय पर नामांकन पत्र दाखिल होंगे। प्रबंध कमेटी के सदस्य, सभापति व उप सभापति के कुल 561 के लिए निर्वाचन प्रक्रिया चलेगी।
सहकारी समितियों के पांच वर्ष में होने वाले चुनाव को लेकर साधन सहकारी समिति मौसमपुर मौरारा में दो सिपाही ड्यूटी पर तैनात थे। सचिव राजकुमार सिंह ने बताया कि पांच पद अनारक्षित हैं। महिलाओं के लिए दो, अनुसूचित जाति व पिछड़ा वर्ग के लिए एक-एक पद है। समिति में कुल 931 किसान मतदाता जुड़े हैं। निर्वाचन अधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि अनंतिम सूची प्रकाशित हुई है। आपत्तियां, निस्तारण के बाद ही अंतिम मतदाता सूची आएगी।
सहायक निर्वाचन अधिकारी त्रिपुरेश कुमार ने बताया कि दोपहर तक एक-दो लोग ही सूची देखने आए थे। साधन सहकारी समिति सरायमीरा में मतदाता सूची प्रकाशित हो गई। सचिव विपिन कुमार ने बताया कि कुल 572 मतदाता यहां हैं। निर्वाचन अधिकारी कमलेश कुमार ने बताया कि नौ पदों में पांच पद अनारक्षित हैं। दो महिलाओं के लिए और एक-एक पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित जाति के लिए हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि दोपहर तक कोई भी मतदाता सूची देखने नहीं आया।
-
51-51 सभापति व उप सभापति चुने जाएंगे
साधन सहकारी समितियों में प्रबंध कमेटी के सदस्यों, सभापति व उप सभापति के कुल 561 पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया 19 मार्च तक चलेगी। सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता राजीव लोचन शर्मा ने बताया कि सहकारी समितियों में मतदाता सूची प्रकाशित हो गई है। जनपद में साधन सहकारी समिति, क्षेत्रीय सहकारी समिति व कृषि सहकारी समिति कुल तीन तरह की समितियां हैं। इसमें प्रबंध कमेटी में संचालक, अध्यक्ष (सभापति) व उपाध्यक्ष (उप सभापति) पद पर चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। हर समिति में नौ संचालक के अलावा एक-एक सभापति व उप सभापति चुने जाएंगे। इसमें 459 संचालक, 51-51 सभापति व उप सभापति होंगे।