तालग्राम। ताहपुर महचंदापुर संपर्क मार्ग से लालशाहपुर्वा तक सड़क में घटिया डामरीकरण का आरोप लगाते हुए मंगलवार को ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे लोगों ने अनियमितताओं की जांच की मांग डीएम से की है।
तालग्राम ब्लॉक के लालशाहपुर्वा गांव तक इन दिनों सड़क का डामरीकरण किया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क पर घटिया डामरीकरण किया जा रहा है। नाराज ग्रामीणों ने कार्य स्थल पर पहुंचकर डामरीकरण कार्य को रुकवाने की मांग करते हुए नारेबाजी कर आक्रोश जताया। ग्रामीणों ने बताया कि कार्यदायी संस्था के ठेकेदार ने सड़क निर्माण कार्य में शुरू से ही अनियमितताएं की है।
गिट्टी डस्ट भी मानक के अनुसार नहीं डाली गई है। डामर भी कम मात्रा में मिलाकर हल्की गिट्टी डाली जा रही है। जिससे गिट्टी जल्द उखड़ जाएगी। आला अफसरों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत के बाद कोई संज्ञान नहीं लिया गया। इससे धरना-प्रदर्शन को मजबूर होना पड़ रहा है। इस दौरान त्रिमोहन लाल, विजय सिंह, शिक्षक सुनील कुमार, मोहित, राहुल, मनीराम आदि मौजूद रहे।