कन्नौज। सदर कोतवाली इलाके के फिरोजपुर तारन गांव में बिजली बिल बकाया की वसूली करने पहुंची पॉवर कारपोरेशन की टीम पर ग्रामीणों में हमला बोल दिया। मारपीट के दौरान सरकारी दस्तावेज भी फाड़ दिए। बताया जा रहा है पिटाई से एक कर्मी को चोटे भी आई। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। विभाग के जेई ने कोतवाली में तहरीर देकर चार आरोपितों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।
विद्युत वितरण उपखंड प्रथम के अवर अभियंता रमेश कुमार मौर्या ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा गया है कि शुक्रवार को सुबह 11:40 बजे राजस्व वसूली अभियान के तहत ग्राम फिरोजपुर तारन में टीजी टू श्रवण कुमार, संविदा लाइनमैन रामलड़ैते और प्रदीप कुुुमार वसूली पर थे। तभी गांव के ही रावेंद्र उर्फ लालू से बकाया बिल जमा संबंधित प्रपत्र मांगा गया। मौके पर कोई भी बिल जमा का कागज नहीं दिखाया गया और रावेंद्र लल्लू, अमर सिंह, शिवम्, संजू ने टीम के सदस्यों को घेर कर मारपीट करते हुए सरकारी रजिस्टर व बकाया उपभोक्ताओं की सूची भी फाड़ दी। पूरे मामले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जेई ने चारों आरोपितों के खिलाफ तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने के साथ कार्रवाई की मांग की है। उधरए मारपीट में घायल हुए कर्मचारियों को जिला अस्पताल में मेडिकल भी करवाया गया है। संविदा लाइनमैन राम लड़ैते के साथ की गई मारपीट का वीडियो भी विभाग के अफसरों के पास है।