कन्नौज। शहर में 25 अक्तूबर को दीपावली पर चिरैयागंज में दो समुदाय के बीच हुए बवाल के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की ओर से हुई फायरिंग में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। जिला अस्पताल में शातिर का उपचार चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ के दौरान दो साथी फरार हो गए, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
बवाल के बाद से शहर का माहौल बिगड़ गया था। पुलिस ने चिरैयागंज निवासी फैजी उर्फ फैज, इकराम, सद्दाम, सुफियान, नफीस, अजहर, अयाया समेत सात अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। सदर कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे को गुरुवार की रात 10 बजे सूचना मिली कि फैजी उर्फ फैज साथी इकराम और सद्दाम पैंदाबाद गांव के पास छिपे हैं।
इस पर कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे और एसओजी प्रभारी विक्रम सिंह ने घेराबंदी कर तीनों को पकड़ने का प्रयास किया। तब तीनों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस टीम ने भी फायरिंग शुरू कर दी। इसमें फैजी के दाहिने पैर में गोली लग गई और वह गिर गया, जबकि आरोपी इकराम और सद्दाम मौके से भाग निकले।
पुलिस ने फैजी के पास से तमंचा बरामद कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि फैजी की गिरफ्तारी पर 25 हजार का इनाम घोषित था। जल्द फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------
फैजी पर दर्ज हैं छह आपराधिक मामले
मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गिरफ्त में आए शातिर फैजी पर वर्ष 2015 में सांप्रदायिक दंगा भड़काने के दो मामले दर्ज हैं जबकि वर्ष 2021 में जानलेवा हमला और लूटपाट के मुकदमे दर्ज हुए थे। 25 अक्तूबर को दर्ज हुए बवाल के मुकदमे में उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि फैजी पर कुल छह आपराधिक मामले दर्ज हैं।
---------------------
आरोपी घर छोड़कर हुए फरार
शहर में हुए बवाल के मुख्य आरोपी फैजी को गोली मारकर गिरफ्तार करने के बाद से अन्य आरोपियों में दहशत है। दोनों पक्षों से दर्ज हुए मुकदमों के अधिकांश परिवार के साथ फरार हो गए। एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि बवाल के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छह टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।