फोटो 10- शहर के बस स्टेशन के पास बगैर हेलमेट और एक बाइक पर सवार तीन लोग। संवाद
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। सड़क हादसों की रोकथाम के लिए एक नवंबर से यातायात माह की शुरूआत की गई। अभियान सड़कों पर कहीं नजर नहीं आ रहा। पड़ताल करने में शहर के अधिकांश चौराहों और प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए वाहन चालक फर्राटे भरते नजर आए।
यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने और हादसों की रोकथाम के लिए हर साल एक से 30 नवंबर तक पुलिस महकमे की ओर से यातायात माह मनाया जाता है। इसी क्रम में एक नवंबर को पुलिस ने यातायात माह का शुभारंभ किया पर तीसरे दिन ही यातायात माह दम तोड़ते नजर आया। बाइक से लेकर लोडर चालकों तक में खौफ नहीं मिला। बिना हेलमेट बाइक पर दो से पांच लोग जाते हुए दिखाई दिए। रोक के बावजूद लोडर और ट्रैक्टर ट्रालियों में लोग सफर करते दिखाई दिए।
एसपी कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि यातायात माह के तहत लोगों को जागरूक किया जा रहा है। जल्द ही पिकेट लगाकर नियमों को दरकिनार चलने वाले लोगों के चालान काटने के साथ वाहनों को सीज किया जाएगा।