छिबरामऊ। क्षेत्र के महोई में खेत की मेड़ काटने को लेकर गांव के दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद के दौरान ही एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के एक युवक को तमंचे के साथ पकड़ लिया। युवक से मिला तमंचा एक अन्य युवक लेकर मौके से भाग गया। इसी बीच सूचना पाकर चौकी पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। गांव के लोगों का आरोप है कि पुलिस ने आरोपियों से सांठगांठ कर मामला रफादफा कर दिया।
वहीं, विवाद के दौरान ही किसी ग्रामीण ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामला महकमे के अफसरों के संज्ञान में आते ही पुलिस कर्मियों के हाथ पांव फूल गए। आननफानन में एक युवक को तमंचे के साथ गिरफ्तार कर पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी चौकी पुलिस मामले में कुछ भी बताने को तैयार नहीं हुई।
हालांकि, कोतवाल जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। जांच पड़ताल की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।