सौरिख। किसान की हत्या करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों में आक्रोश है। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर परिजनों ने गांव में हंगामा किया और अंतिम संस्कार करने से इंकार कर दिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और अंतिम संस्कार किया।
थाना क्षेत्र के हुसेपुर करन गांव निवासी पुष्पेंद्र और पिता रामविलास पर रंजिश के चलते पड़ोसी सुखबीर, योगेश और बृजकिशोर ने हमला कर दिया था। गंभीर रुप से घायल हुए रामविलास ने शुक्रवार को दम तोड़ दिया था। शनिवार को परिजनों ने गांव में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया।
सीओ दीपक दुबे ने परिजनों को शांत कराया। वहीं शाम होने तक पुलिस ने आरोपी सुखबीर और बृजकिशोर को गिरफ्तार लिया। सीओ ने बताया कि जल्द फरार चल रहे आरोपी को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।