कन्नौज। जिला अस्पताल की डायलिसिस यूनिट में तैनात स्वास्थ्य कर्मचारी समेत तीन मरीजों की रैपिड किट से हुई जांच में डेंगू की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मगर इसकी पुष्टि के लिए जिला अस्पताल में एलाइजा जांच नहीं हो रही है। ऐसे मरीजों को एलाइजा जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है। इससे यहां आने वाले मरीज परेशान हैं। शुक्रवार मिले तीन मरीजों के सैंपल भी मेडिकल कॉलेज भेजे गए।
जिले में डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है। सरकारी आंकड़ों में अब तक डेंगू के 11 मरीज दर्ज हैं। इनमें तीन की मौत हो चुकी है। इसके अलावा बड़ी संख्या में डेंगू मरीज निजी अस्पतालों में इलाज करवा चुके हैं। इनकी संख्या सरकारी आंकड़ों में दर्ज नहीं है। डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग के इंतजाम नाकाफी हैं। यहां बीते दो माह से एलाइजा मशीन से डेंगू की जांच नहीं हो रही है। रैपिड किट की पॉजिटिव रिपोर्ट को डॉक्टर डेंगू नहीं मान रहे हैं।
जिला अस्पताल में सितंबर से अब तक रैपिड किट से हुई 250 जांचों में आठ लोगों की रिपोर्ट ही पॉजिटिव आई है। रैपिड किट से लेकर एलाइजा जांच कराने में मरीज को तीन दिन तक इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में अधिकतर मरीजों की हालत नाजुक हो जाती है। सीएमएस डॉ. शक्ति बसु ने बताया कि एलाइजा जांच मशीन की प्लेट खराब है। जल्द उसे ठीक करा दिया जाएगा।
डेंगू से अब तक तीन की मौत
जिले में स्वास्थ्य महकमे के आंकड़ों के अनुसार अब तक डेंगू से तीन की मौत हुई है। हकीकत इससे अलग है। सितंबर से अब तक जिले में डेंगू के लक्षण वाले करीब 15 लोगों की मौत हो चुकी है।
नहीं मिल रहा बेहतर उपचार
अरौल निवासी राजकुमार ने बताया कि बुधवार को जिला अस्पताल में रैपिड किट से जांच कराई थी। इसमें पॉजिटिव रिपोर्ट आई। जिला अस्पताल में एलाइजा जांच नहीं हुई। मेडिकल कॉलेज कॉलेज जाना पड़ा। वहां भी एक दिन बाद जांच हुई। रिपोर्ट अभी तक नहीं आई।