छिबरामऊ। नौकरी, आवासीय पट्टा समेत सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर जालसाज ने ग्रामीणों से साढ़े चार लाख रुपये ठग लिए। पीड़ितों ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस से शिकायत की है।
छिबरामऊ देहात बहवलपुर निवासी रोहित ने बताया कि प्रेमपुर चौकी क्षेत्र के हरकरनपुर निवासी एक युवक ने स्वयं को सेना में कर्नल का पुत्र बताते हुए नौकरी लगवाने के लिए 1.30 लाख रुपये लिए थे। इसी तरह से गांव के नंदकिशोर, बलराम, सुमन देवी, राजेंद्र सिंह व मीरा देवी आदि को आवासीय पट्टा, पेंशन व शादी अनुदान दिलाने के नाम पर रुपये लिए।
ग्रामीणों का आरोप है कि जालसाज से उन लोगों ने लगभग साढ़े चार लाख रुपये लिए थे। काफी समय बाद भी जब कोई काम नहीं हुआ तब युवक से रुपये वापस मांगे। रुपये न मिलने के बाद युवक के खिलाफ ग्रामीणों ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत की। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि शिकायत की जांच प्रेमपुर चौकी पुलिस को सौंपी गई है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।