छिबरामऊ। नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सात साल बाद अल्ट्रासाउंड फिर शुरू होंगे। इससे अब मरीजों को निजी सेंटरों पर जाकर अपनी जेब नहीं कटवानी पड़ेगी। सीएचसी में यह सुविधा दो से तीन दिन में शुरू होने की उम्मीद है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जनवरी 2016 से पहले अल्ट्रासाउंड की सुविधा मरीजों को मिलती थी। स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डाॅ. अभिषेक कटियार का स्थानांतरण सौ शैय्या अस्पताल में हो गया, जिसके बाद अल्ट्रासाउंड की सुविधा बंद हो गई। सीएचसी की अल्ट्रासाउंड मशीन को भी सौ शैय्या अस्पताल भेज दिया गया था। अब सात साल बाद स्वास्थ्य केंद्र में फिर से अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू होने जा रही है। इसके लिए तैयारियां की जा रही हैं। रविवार को अस्पताल में डाॅ. महेश विश्वकर्मा ने अल्ट्रासाउंड मशीन को चेक किया। उन्होंने बताया कि मशीन इंस्टाॅल तो है, लेकिन इसका प्रोव और बाल खराब है, इसके लिए साइरेक्स कंपनी के इंजीनियर को बुलाया गया है। एक से दो दिन के अंदर इंजीनियर आकर मशीन को सही कर देंगे, जिसके बाद अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू हो जाएगी। प्रभारी चिकित्साधिकारी डाम्. राहुल मिश्रा ने बताया कि मशीन को सही कराकर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा दो से तीन दिन में शुरू करा दी जाएगी।
इनसेट
सौ शैया अस्पताल से वापस मंगाई गई मशीन
स्वास्थ्य केंद्र से डाॅ. अभिषेक कटियार के सौ शैया अस्पताल में स्थानांतरण के बाद अल्ट्रासाउंड मशीन को भी भेज दिया गया, लेकिन कुछ दिनाें बाद अस्पताल में नई मशीन आ गई। जिसके बाद से अल्ट्रासाउंड मशीन वहां पर रखी हुई थी। अब इस मशीन को स्वास्थ्य केंद्र में वापस मंगा लिया गया है।
इनसेट
चिकित्सक की अल्ट्रासाउंड की ट्रेनिंग हुई पूरी
स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डाॅ. महेश विश्वकर्मा को अल्ट्रासाउंड के लिए पीसीपीएनडीटी ट्रेनिंग के लिए जनवरी माह में कानपुर के जेएसवीएम मेडिकल कॉलेज भेजा गया था। डॉक्टर की यह ट्रेनिंग तो जुलाई तक चली, लेकिन इसका रिजल्ट शुक्रवार को आया। जिसके बाद अब स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड की सुविधा शुरू की जा रही है।