कन्नौज। कई दिनों से जलापूर्ति प्रभावित होने के विरोध में मोहल्ले के कुछ युवकों ने ट्यूबवेल ऑपरेटर पर चाकू से हमला कर दिया। चीख पुकार सुनकर ऑपरेटर की मदद करने पहुंचे बजरंगदल के जिला सह संयोजक की गर्दन पर भी चाकू से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। वहीं, घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला जेरकिला निवासी ब्रजेश यादव ने बताया कि वह मोहल्ले के ही एक ट्यूबवेल पर ऑपरेटर हैं। कई दिनों से बिजली सप्लाई प्रभावित होने के कारण मोहल्ले में जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। शनिवार शाम वह ट्यूबवेल पर था। तभी अचानक लाइट चली गई। आरोप है कि मोहल्ले के चांद खां अपने दो अन्य साथियों के साथ मौके पर पहुंचा। गालीगलौज करते हुए चाकू से हमला कर दिया।
शोर मचाने पर पास से गुजर रहे बजरंगदल के जिला सह संयोजक आकाश बाजपेयी मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उनपर भी चाकू से हमला कर घायल कर दिया। उनका आरोप है कि हमलावरों ने उनकी गर्दन रेतने का प्रयास किया। शोरगुल सुन अन्य लोगों के आ जाने से हमलावर मौके से भाग गए। आकाश और ऑपरेटर ब्रजेश की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ सिटी कमलेश कुमार ने बताया कि हमलावरों को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गईं हैं। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।