कन्नौज। जिले में बुखार का दायर लगातार बढ़ता जा रहा है। बुखार से मासूम समेत दो लोगों की मौत हो गई। बुखार की चपेट में आने से कई लोग जान गवां चुके हैं। जिला अस्पताल के इमरजेंसी में रोजाना 15 से 20 बुखार से पीड़ित मरीज आ रहे हैं। अब तक 405 लोग डेंगू संक्रमित हो चुके हैं। जिसमें 33 मरीजों का इलाज चल रहा है।
शहर के काजीटोला मोहल्ला निवासी मुस्तकीम का नौ माह का बेटा अब्दुला बुखार से पीड़ित चल रहा था। परिजन निजी डॉक्टर के पास उसका इलाज करवा रहे थे। शनिवार की सुबह हालत बिगड़ने पर परिजन बेटे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। हरदोई जनपद के माधौगंज थाना क्षेत्र के रौरा गांव निवासी श्याम बिहारी (38) को एक माह से बुखार आ रहा था। परिजन वहीं उनका इलाज करवा रहे थे। हालत बिगड़ने पर भतीजा अंकित जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। स्वास्थ्य कर्मियों के मुताबिक रोजाना 15 से 20 बुखार के मरीज आ रहे हैं। जिसमें बच्चों की संख्या अधिक है।